पुलिस की जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की शाम तीन-चार महिलाएं और तीन पुरुष इनोवा कार से वाकड के स्टार बाजार में आए। उन्होंने घी, बादाम, काजू और अन्य खाद्य वस्तुएं मिलाकर करीब 42 हजार 100 रुपये का माल पार कर दिया। इस संबंध में वाकड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
जांच दल ने दुकान और परिसर के सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया। इससे स्पष्ट हुआ कि चोरी में इस्तेमाल की गई कार मुंबई की दिशा में गई थी। इसके बाद वाहन का सुराग लगाते हुए पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में संदिग्धों ने वाकड के साथ-साथ पिंपरी और चिखली के स्टार बाजार, तथा पुणे के केसनंद फाटा और वाघोली स्थित दुकानों से भी काजू, बादाम और घी चुराने की बात कबूल की है। उनके खिलाफ पिंपरी और चिखली पुलिस स्टेशन में भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने संभावना जताई है कि इस गिरोह ने मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में भी ऐसे अपराध किए होंगे। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे के मार्गदर्शन में की गई है और वाकड पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।







