शरीर पर भारी मात्रा में सोने के आभूषण पहनने और सुनहरे रंग की कारों के लिए पहचाने जाने वाले 'गोल्डन गाइज' ग्रुप के एक अन्य सदस्य की मर्सिडीज कार पर पिंपरी ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की। पिंपरी के साई चौक में खड़ी इस कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त विक्रांत देशमुख ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में कार के शीशों पर काली फिल्म, फैंसी नंबर प्लेट और मूल रंग में बदलाव किया हुआ पाया गया। पुलिस ने बताया कि कार यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले तरीके से खड़ी थी, साथ ही बीमा संबंधी नियमों का भी उल्लंघन पाया गया।
पुलिस ने कार पर लगी काली फिल्म और फैंसी नंबर प्लेट को मौके पर ही निकाल दिया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत विभिन्न उल्लंघनों के लिए मालिक पर कुल 6,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पिछले हफ्ते भी ट्रैफिक पुलिस ने इसी ग्रुप के दूसरे सदस्य की कार पर ऐसी ही कार्रवाई की थी। पुलिस ने बताया कि इस ग्रुप की कारों पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है।













